मंगलवार, 4 नवंबर 2025

भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य में आजीवन योगदान देने वाले कलाकार को किया जाएगा सम्मानित

संवाददाता

नई दिल्ली। भारतीय विद्या भवन, दिल्ली केंद्र, भारत की अग्रणी सांस्कृतिक एवं शैक्षिक संस्था, जिसकी स्थापना वर्ष 1938 में महात्मा गांधी की प्रेरणा से कुलपति के एम. मुंशी ने की थी, अपना 87वां स्थापना दिवस भव्य 17वें संगीत समारोह के रूप में मना रहा है। यह समारोह भारतीय शास्त्रीय कला और संस्कृति को समर्पित है। आयोजन शुक्रवार, 7 नवम्बर 2025 को कमानी ऑडिटोरियम, नई दिल्ली में सायं 6:00 बजे से प्रारंभ होगा।

इस अवसर पर भारतीय विद्या भवन द्वारा प्रदान किया जाने वाला प्रतिष्ठित सम्मान "भवन संगीत शिखर सम्मान" भी प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य के क्षेत्र में विशिष्ट एवं आजीवन योगदान देने वाले कलाकार को समर्पित है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री बनवारीलाल पुरोहित, ट्रस्टी एवं उपाध्यक्ष, भारतीय विद्या भवन तथा अध्यक्ष, दिल्ली केंद्र करेंगे, जबकि न्यायमूर्ति नितिन वासुदेव सांबरे, न्यायाधीश, दिल्ली उच्च न्यायालय, मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएँगे।

इस वर्ष के संगीत समारोह में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को प्रस्तुत करने वाली दो विशेष नृत्य प्रस्तुतियाँ होंगी

विद्वषी मधुलिता मोहापात्रा अपनी सहकलाकार श्रीमती साहना आर. मैया और श्रीमती पारिधि जोशी के साथ ओडिसी नृत्य प्रस्तुत करेंगी, जिसका विषय है "भाव और भक्तिः श्रद्धा के पावन पदचिह्न।"

विदूषी विधा लाल कथक नृत्यकी प्रस्तुति देंगी। उनके साथ संगत में रहेंगे श्री शुहेब हसन (स्वर), श्री हिरेन चाटे (तबला), श्री आशीष गंगानी (पखावज) और श्री आमिर खान (सरंगी)।

दोनों कलाकार संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली के उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित हैं।

भारतीय विद्या भवन का यह वार्षिक समारोह संस्था की उस विरासत को आगे बढ़ाता है, जिसने आठ दशकों से अधिक समय से भारत की सांस्कृतिक चेतना, संगीत और नृत्य परंपरा के संरक्षण और प्रसार का कार्य किया है।

सेवा, एकता और इंसानियत ही सच्चा धर्म है: सरदार बलविंदर सिंह


संवाददाता

नई दिल्ली। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आज चांदनी चौक गुरुद्वारे से भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी संख्या देखने को मिली। इस पावन अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लेकर गुरु नानक देव जी के उपदेशों को नमन किया और समाज में एकता, भाईचारा और सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक डी.सी. कपिल, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार बलविंदर सिंह, प्रदेश महासचिव राजेश घाघट, चांदनी चौक विधान सभा अध्यक्ष सुखबीर सिंह ने विशेष रूप से भाग लिया।

इस अवसर पर चांदनी चौक मार्केट एसोसिएशन की ओर से उपरोक्त नेताओं को सामाजिक कार्यों और जनसेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस आयोजन की मुख्य भूमिका चांदनी चौक विधान सभा अध्यक्ष सुखबीर सिंह और मुण्डका विधानसभा अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने निभाई, जिन्होंने नगर कीर्तन के सफल संचालन में अहम योगदान दिया।

इस मौके पर दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार बलविंदर सिंह ने कहा गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि मानवता, समानता और सेवा का प्रतीक है। गुरु साहिब ने सिखाया कि असली धर्म वही है जो इंसान को इंसान से जोड़े।

आज आवश्यकता है कि हम उनके उपदेशों को अपने जीवन में उतारें और समाज में प्रेम, भाईचारा तथा एकता को मजबूत करें। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) दिल्ली में हर धर्म और हर वर्ग को साथ लेकर शांति और सद्भावना के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली प्रदेश संयोजक डी.सी. कपिल ने इस मौके पर कहा कि गुरु नानक देव जी ने सत्य, समानता और करुणा का मार्ग दिखाया। उन्होंने सिखाया कि सेवा और सच्चाई ही मानवता का सबसे बड़ा धर्म है।

आज के समय में जब समाज को बांटने की कोशिशें हो रही हैं, गुरु साहिब का संदेश हमें एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ऐसे आयोजनों के माध्यम से एकता और भाईचारे का संदेश देती रहेगी।

वहीं प्रदेश महासचिव राजेश घाघट ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘सरबत दा भला’ का जो संदेश दिया, वह समाज को जोड़ने का सबसे बड़ा सूत्र है। हमें जात-पात और धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करनी चाहिए। हमारी पार्टी हमेशा ऐसे सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर भाईचारे और एकता को बढ़ावा देती रहेगी।

चांदनी चौक विधान सभा अध्यक्ष सुखबीर सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह पर्व हमें सिखाता है कि समानता, सेवा और करुणा ही सच्चे धर्म के आधार हैं। आज चांदनी चौक की गलियों में नगर कीर्तन का आयोजन देखकर मन अत्यंत प्रसन्न हुआ। मैं चांदनी चौक मार्केट एसोसिएशन और सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाया और गुरु साहिब के उपदेशों को आत्मसात किया।

http://mohdriyaz9540.blogspot.com/

http://nilimapalm.blogspot.com/

musarrat-times.blogspot.com

http://naipeedhi-naisoch.blogspot.com/

http://azadsochfoundationtrust.blogspot.com/