यह बात 4 जून, 2007 की है। उस दिन नई दिल्ली की मुख्य सड़कों पर सुबह ट्रैफिक बढ़ना शुरू ही हुआ था कि पुलिस ने यातायात रोक दिया। पूछने पर पता चला कि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा राजघाट पहुंच रहे हैं। उम्मीद थी कि लूला राजघाट में 10 मिनट रुकने के बाद वापस चले जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वे वहां करीब आधा घंटे तक रहे।
गांधी समाधि पर फूल चढ़ाने के बाद वे अपने स्वागत के लिए मौजूद राजघाट के कर्मचारियों से गांधी जी के जीवन और संघर्षों के बारे में सवाल पर सवाल करने लगे। राजघाट से विदा होने से पहले उन्होंने विजिटर्स बुक में लिखा कि वे शांति के दूत महात्मा गांधी की समाधि पर आकर खुद को बेहतर महसूस कर रहे हैं और गांधी जी के जीवन का उन पर गहरा प्रभाव रहा है।
लूला एक बार फिर अपने देश के राष्ट्रपति चुने गए हैं। वे उन नेताओं में शामिल हैं, जिनका भारत से रिश्ता केवल कूटनीतिक मुलाकातों तक सीमित नहीं रहा। वे कई बार भारत आए हैं और हर यात्रा के साथ दोनों देशों की दोस्ती में कुछ नया जुड़ा है।
लूला कभी भारत में गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि बनकर आए, कभी उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए और कभी दुनिया के बड़े नेताओं के साथ बैठकर वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने।
लूला की भारत की पहली राष्ट्रपति-स्तरीय यात्रा जनवरी 2004 में हुई। उस समय वे ब्राजील के राष्ट्रपति थे और भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। यह सम्मान अपने आप में काफी मायने रखता था। भारत आमतौर पर ऐसे देशों के नेताओं को यह अवसर देता है, जिनके साथ वह मजबूत और भरोसेमंद रिश्ते बनाना चाहता है।
लूला का 2004 का भारत दौरा इस मायने में भी खास था कि उनके साथ ब्राजील के 100 प्रमुख कारोबारी आए थे। वे 78 अलग-अलग कंपनियों का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। लूला भारत और ब्राजील के बीच आपसी व्यापार को गति देने के हमेशा हिमायती रहे।
दोनों देशों के बीच कृषि, खनन, ऊर्जा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, संचार और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग होता रहा है। दोनों ब्रिक्स समूह के सदस्य भी हैं।
मजदूरों और गरीबों के हितैषी - जनधड़कन से जुड़े लूला जब भी भारत आए, उन्होंने भारतीय नेताओं, कारोबारियों और आम लोगों को अपने व्यवहार और ज्ञान से प्रभावित किया। वे सबसे मित्रवत भाव से मिलना पसंद करते रहे। राजघाट में उन्होंने वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी हाथ मिलाया था।
लूला ने गरीबी को करीब से देखा है। जीवनयापन के लिए उन्होंने जूते पॉलिश करने का काम भी किया। यही वजह है कि उनकी सोच हमेशा गरीबों और वंचितों के पक्ष में रही है। लूला उन विश्व नेताओं में शामिल रहे हैं, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सीट देने का पुरजोर समर्थन किया।
लूला को वर्ष 2012 में शांति और निरस्त्रीकरण के लिए इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उस समय वे ब्राजील के राष्ट्रपति नहीं थे। ब्राजील में गरीबी उन्मूलन और विकास कार्यों को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया।
लूला को सम्मानित करते हुए तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा था कि लूला के प्रयासों के दम पर ही उनके देश के दो करोड़ लोग गरीबी के दलदल से बाहर निकल सके।
लूला ने सामाजिक कल्याण और गरीबों के जीवन में सुधार को अपनी राजनीति का अहम हिस्सा बनाया। शायद यही वजह थी कि भारत में भी उनकी पहचान एक ऐसे नेता के रूप में बनी, जो विकास के साथ सामाजिक न्याय की बात करता है।
वैश्विक मंच पर समान सोच - लूला और भारत के बीच एक स्वाभाविक समानता भी है। दोनों चाहते हैं कि दुनिया के बड़े फैसले केवल कुछ ताकतवर देश न करें, बल्कि विकासशील देशों को भी उनमें बराबर की आवाज मिले।
ब्राजील लैटिन अमेरिका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जबकि भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। ऐसे में दोनों देशों की साझेदारी का असर सिर्फ इन दो देशों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है।
रिश्तों का नया अध्याय - लूला इस साल 18 से 22 फरवरी तक भारत की राजकीय यात्रा पर आए और इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में शामिल हुए। उनके साथ ब्राजील का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी आया, जिसमें 11 मंत्री और करीब 300 कारोबारी प्रतिनिधि शामिल थे।यह यात्रा भारत और ब्राजील के संबंधों को नई दिशा देने तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, व्यापार, तकनीक और विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रही।
इस बीच, लूला को पता ही होगा कि भारत के करोड़ों फुटबॉल प्रेमी ब्राजील की फुटबॉल टीम और उसके सितारों को चीयर करते रहे हैं। भारतीय फुटबॉल प्रेमियों की ब्राजील को लेकर निष्ठा शुरू से रही है। हालांकि लैटिन अमेरिकी स्पेनिश भाषी ब्राजील देश भारत से हजारों किलोमीटर दूर है, पर हमारे फुटबॉल प्रेमी ब्राजील में ही भारत की छाप को देखते हैं।
ये तो माना ही जा सकता है कि लूला भविष्य में भी भारत आएंगे। वे जब भी आएं तो राजधानी के पृथ्वीराज रोड की यार्क क्रिश्चन सिमिटरी में भी जाने का वक्त निकाल लें। यहां पर एक सांकेतिक कब्र है 14 जून, 1972 को राजधानी में जापान एयरलाइंस के विमान हादसे में मारे गए 82 अभागे यात्रियों की। मृतकों में ब्राजील, ब्रिटेन, जापान और अमेरिका के कई नागरिक थे। इस कब्र की दशा को देखकर निराशा होती है। इधर कोई हादसे की बरसी पर भी फूल चढ़ाने भी नहीं आता। लूला इस सांकेतिक कब्र पर आकर मृतकों को श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें