विवेक शुक्लाकिसी ऐतिहासिक इमारत की पहचान सिर्फ उसकी दीवारों और कमरों से नहीं होती। वहां घटे कुछ ऐसे प्रसंग भी होते हैं, जो उसे खास बना देते हैं। दिल्ली के संसद मार्ग पर स्थित आकाशवाणी भवन भी ऐसी ही एक इमारत है। यहां एक छोटी-सी पट्टिका लगी है, जो आने वालों को याद दिलाती है कि 12 नवंबर, 1947 को महात्मा गांधी पहली और आखिरी बार ऑल इंडिया रेडियो के स्टूडियो आए थे। यह वह दिन था, जब देश विभाजन के जख्मों से गुजर रहा था और गांधीजी ने रेडियो के जरिए पाकिस्तान से आए शरणार्थियों को अपना संदेश दिया था। करीब आठ दशक बाद भी इस दिन का भारतीय प्रसारण के इतिहास में खास महत्व है। लेकिन अफसोस कि इस बार उसी आकाशवाणी भवन में इस ऐतिहासिक दिन को लेकर पहले जैसा उत्साह और हलचल दिखाई नहीं दी। आखिर ऐसा क्यों हुआ?
12 नवंबर को जन प्रसारण दिवस के रूप में मनाने की औपचारिक घोषणा 2001 में हुई थी। इसकी पहल एक साल पहले तत्कालीन सूचना एवं प्रसारण मंत्री सुषमा स्वराज ने की थी। इस दिन को मनाने का मकसद गांधीजी के ऐतिहासिक रेडियो संदेश को याद करना और प्रसारण से जुड़े लोगों को उनकी सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराना था।
कई वर्षों तक आकाशवाणी इस मौके पर विशेष कार्यक्रम, प्रार्थना सभाएं और संगीत के आयोजन करता रहा। आकाशवाणी भवन में होने वाला सालाना आयोजन गांधीजी के साथ इस संस्थान के ऐतिहासिक रिश्ते की याद दिलाता था।
जब रेडियो के जरिए गांधीजी ने शरणार्थियों को दिया सहारा - 12 नवंबर, 1947 को गांधीजी ऑल इंडिया रेडियो के स्टूडियो आए थे। उन्हें कुरुक्षेत्र के उस शिविर में रह रहे हजारों हिंदू और सिख शरणार्थियों को संबोधित करना था, जो पाकिस्तान से अपना सब कुछ छोड़कर भारत आए थे। विभाजन के दौरान इन लोगों ने बहुत कुछ झेला था। किसी का घर छूट गया था, किसी के अपने बिछड़ गए थे और किसी की पूरी जिंदगी ही उजड़ गई थी।
गांधीजी शुरू में रेडियो पर बोलने के लिए तैयार नहीं थे। उन्हें इस नए माध्यम को लेकर कुछ झिझक थी। लेकिन काफी समझाने-बुझाने के बाद वह राजी हो गए। जब वह स्टूडियो पहुंचे और वहां रेडियो के उपकरण देखे तो उन्होंने इसे एक चमत्कारी शक्ति बताया। उन्हें इस माध्यम में ईश्वर की शक्ति दिखाई दे रही थी।
गांधीजी के आने से पहले स्टूडियो को बिरला हाउस में होने वाली उनकी प्रार्थना सभा जैसा रूप दिया गया था। वहां लकड़ी का एक नीचा तख्तपोश भी रखा गया था। गांधीजी अपनी प्रार्थना सभाओं में इसी तरह के तख्त पर बैठकर लोगों को संबोधित करते थे।
पहली केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री राजकुमारी अमृत कौर के साथ गांधीजी दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आकाशवाणी भवन पहुंचे। उन्होंने अपने संदेश की शुरुआत इन शब्दों से की, "मेरे दुखी भाइयों और बहनों, मुझे नहीं मालूम कि इसे केवल आप सुन रहे हैं या कुछ और लोग भी सुन रहे हैं..."
उनका संदेश खत्म होने के बाद वंदे मातरम् का रिकॉर्ड बजाया गया। गांधीजी ने करीब 20 मिनट तक बात की थी और उनकी आवाज बेहद साफ सुनाई दे रही थी।
गांधीजी का वह प्रसारण महज एक रेडियो संदेश नहीं था। यह उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश थी, जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया था। गांधीजी हर शरणार्थी शिविर में खुद नहीं जा सकते थे, लेकिन रेडियो के जरिए उनकी आवाज वहां तक पहुंच सकती थी।
आकाशवाणी के वरिष्ठ प्रसारक और दिग्गज हिंदी समाचार वाचक देवकी नंदन पांडे ने करीब 35 साल पहले मुझसे एक दिलचस्प बात कही थी। उन्होंने बताया था कि जब भी वह उस कमरे में प्रवेश करते थे, जहां गांधीजी आए थे, तो श्रद्धा से सिर झुका लेते थे। उन्होंने मुझसे कहा था, "मेरे लिए वह स्टूडियो सिर्फ काम करने की जगह नहीं है। वह ऐसी जगह है, जहां इतिहास बना था।"
गांधीजी की आवाज रोज घरों तक पहुंचती थी - रेडियो के साथ गांधीजी का रिश्ता उनके इस एकमात्र दौरे तक ही सीमित नहीं था। बिरला हाउस में होने वाली उनकी सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं को भी ऑल इंडिया रेडियो रिकॉर्ड करता था। के.डी. मदान नाम के एक शरणार्थी को हर शाम गांधीजी के प्रार्थना के बाद दिए जाने वाले संदेशों को रिकॉर्ड करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन संदेशों को रात साढ़े आठ बजे प्रसारित किया जाता था। इसके बाद नौ बजे राष्ट्रीय समाचार आते थे। सितंबर 1947 से लेकर 29 जनवरी, 1948 तक यह सिलसिला चला। अगले ही दिन गांधीजी की हत्या कर दी गई।
31 जनवरी, 1948 को गांधीजी की अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार का आंखों देखा हाल भी ऑल इंडिया रेडियो ने देश तक पहुंचाया। रेडियो के मशहूर कमेंटेटर मेलविल डी मेलो ने करीब दस घंटे तक कमेंट्री की। उन्होंने अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब और लोगों के दुख का ऐसा जीवंत चित्र खींचा कि उनकी आवाज आज भी देश की सामूहिक स्मृति का हिस्सा बनी हुई है।
क्या गांधीजी की ऐतिहासिक विरासत सिर्फ पट्टिका तक सिमट जाएगी? - लेकिन इस बार 12 नवंबर को आकाशवाणी भवन में पहले की तरह कोई बड़ा सार्वजनिक आयोजन होता नजर नहीं आया। दूसरे स्थानों पर कुछ कार्यक्रम जरूर हुए। इनमें इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में जन प्रसार की ओर से आयोजित चर्चा भी शामिल थी। फिर भी सवाल उठता है कि भारतीय प्रसारण के इतिहास से जुड़े इतने महत्वपूर्ण दिन को क्या महज कैलेंडर की एक तारीख बनकर रह जाना चाहिए?
सार्वजनिक सेवा प्रसारण का मतलब केवल सरकारी घोषणाएं करना या कार्यक्रम प्रसारित करना नहीं है। इसका असली मकसद आम लोगों तक पहुंचना है, खासकर उन लोगों तक जिनकी आवाज अक्सर अनसुनी रह जाती है। विभाजन के शरणार्थियों के लिए गांधीजी का वह रेडियो संदेश आज भी इसका बेहतरीन उदाहरण है।
गांधीजी आकाशवाणी भवन सिर्फ एक बार आए थे, लेकिन उनकी उस यात्रा की याद हर साल उसी सम्मान, आत्मीयता और गंभीरता के साथ मनाई जानी चाहिए, जिसकी वह हकदार है।