गुरुवार, 18 सितंबर 2025

ब्रह्म सत्यं जगत् सत्यं जगत् ब्रह्मौव नापर:

शिव शंकर द्विवेदी

नासतो विद्यते भावो नाभावो विद्यते सतः।
उभयोरपि दृष्टोऽन्तस्त्वनयोस्तत्त्वदर्शिभिः।।2.16।।
अर्थ: असत् की स्थिति नहीं होती है अर्थात् असत् की सत्ता नहीं होती और सत् का अभाव नहीं होता है अर्थात् सत् की सत्ता या सत् का अस्तित्व होता है। तत्त्व दर्शियों द्वारा इस प्रकार असत् और सत् के विषय में मत स्थिर किया जाता है।
श्रीकृष्ण के द्वारा इस प्रकार संसार को देखने और समझने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। इनके अनुसार परमात्मा सत् समझे गये हैं इस कारण उनकी सत्ता पर कोई संदेह नहीं है।वह अस्तित्ववान् हैं क्यों कि वह सत् के रूप में समझे गये हैं। अस्तित्ववान् न होते तो सत् के रूप में न समझे गये होते।
हम दृश्यमान जगत् का अनुभव करते हैं अर्थात् इसकी सत्ता का अनुभव करते हैं इसलिए अनुभव में आ रहा जगत् भी सत् है।
जब हम स्वप्न देख रहे होते हैं उस समय हमें जो कुछ भी अनुभव हो रहा होता है उनमें यह अनुभव नहीं हो रहा होता है कि यह अनुभव बदल जायेगा ।उस समय यह नहीं अनुभव हो रहा होता है यह सब नहीं रहने वाले हैं। जगने के उपरान्त ज्ञात होता है तत् समय अर्थात् स्वप्न अवस्था में जो था इस समय नहीं है।
स्पष्ट है कि स्वप्न और जाग्रत अवस्था में समय और स्थान का भेद हो जाता है।इसका अर्थ है कि हम कोई भी अनुभव समय और स्थान निरपेक्ष होकर नहीं प्राप्त कर सकते हैं।यही कारण है कि हम जो अनुभव करते हैं वह देश और काल के सापेक्ष होने के कारण असत् नहीं समझा जा सकता है। अर्थात् हम जिस काल और स्थान पर जो अनुभव करते हैं वह उस काल और स्थान पर सत् होता है क्योंकि हम सत् का ही अनुभव कर सकते हैं अस्तित्व सत् का ही होता है जिसका अस्तित्व नहीं होता है उसका अनुभव हम नहीं कर पाते हैं।जब इस दृश्यमान जगत् का अनुभव इस समय कर हैं तो यह इस समय सत् है अस्तित्व में है।यह तब तक सत् है जब तक यह हमारे लिए वर्तमान के रूप में अस्तित्व में है। हम इसके भूत को भी असत् नहीं कह सकते हैं क्योंकि भूतकाल में यह जिस रूप में था जिनके अनुभव में था उनके लिए यह तत्समय सत् था क्योंकि वे इसके अस्तित्व का अनुभव कर रहे थे।भले ही भविष्य में इसका स्वरूप बदल जाय। यदि स्वरूप बदलता है तो इसका अर्थ यह नहीं रह जाता है कि वर्तमान में जो अनुभव हो रहा है वह असत् है क्योंकि वर्तमान में जो अनुभव हो रहा है वह भविष्य में बदलेगा भी?यह वर्तमान में रहते हुए नहीं समझा जा सकता है केवल कल्पना ही की जा सकती है और इस कल्पना का आधार भी भूतकाल के अनुभव ही होंगे।
अत एव वर्तमान में जो अनुभव हो रहा है उसे इस आधार पर असत् नहीं समझा जा सकता है कि भविष्य में इसका स्वरूप बदल जायेगा। किसी भी वर्तमान अनुभव के बाधक अनुभव का अनुभव वर्तमान में नहीं होता है जैसे जब हम स्वप्न देख रहे होते हैं तब यह अनुभव नहीं हो रहा होता है कि एक समय ऐसा भी आयेगा जब यह अनुभव नहीं रह पायेगा।
अत एव भविष्य सत् की कल्पना में वर्तमान को असत् समझते हुए वर्तमान के दायित्वों से पलायन श्रीकृष्ण के विचारों से असहमति ही है। ऐसे में समझना चाहिए कि श्रीकृष्ण वर्तमान जीवन या प्रतीति को असत् या मिथ्या के रूप न समझ कर जीवन्त समझते थे।यही उनके चिन्तन की विशेषता है जो उन्हें प्राचीन भारतीय चिन्तकों से नितान्त भिन्न रूप में प्रस्तुत करती है।वह स्वतन्त्र विचारों के धनी थे केवल परम्पराओं को आंख मूंद कर ढोने वाले विचारकों में नहीं थे।ऐसे में दृश्यमान जगत् को असत् या मिथ्या समझते हुए श्रीकृष्ण और उनके उपदेशों को नहीं समझा जा सकता है।

(लेखक अ-मोक्ष साधना केंद्र राजनिकेतन वृन्दावन योजना लखनऊ है।)

बुधवार, 17 सितंबर 2025

जैन युवा क्लब के भव्य मेले का समापन


संवाददाता

पूर्वी दिल्ली। कड़कड़डूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड में जैन युवा क्लब की ओर से भव्य मेले का आयोजन 12 सितम्बर से 16 सितम्बर 2025 तक किया गया। इस मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचे और उत्साह का माहौल बना रहा। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक कार्यक्रमों की श्रृंखला ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए कुछ न कुछ खास देखने को मिला। बच्चों के लिए झूले, गेम्स और रंग-बिरंगे स्टॉल लगाए गए थे, वहीं महिलाओं के लिए विभिन्न तरह की खानपान की चीजें और हस्तशिल्प के सामानों की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। खासतौर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों और हस्तनिर्मित सामानों ने लोगों का ध्यान खींचा। जैन युवा क्लब के संयोजक गौरव जैन व मेला मंत्री दीपक जैन ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य समाज के बीच आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है। क्लब के सदस्यों का कहना था 
कि आज के दौर में जहां लोग भागदौड़ भरी जिंदगी जी रहे हैं, 
ऐसे आयोजनों से लोगों को एक-दूसरे से मिलने और सामाजिक संबंध मजबूत करने का अवसर मिलता है।

खानपान के स्टॉलों पर उत्तर भारतीय, दक्षिण भारतीय और जैन व्यंजनों की विविधता देखने को मिली। स्वादिष्ट पकवानों का आनंद उठाने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया। बच्चों ने झूलों और खिलौनों का भरपूर लुत्फ उठाया तो वहीं बुजुर्ग पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में खोए नजर आए।

मेले में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। स्थानीय पुलिस और स्वयंसेवकों की टीम लगातार सक्रिय रही जिससे भीड़भाड़ के बावजूद पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के समापन पर जैन युवा क्लब की ओर से सभी आगंतुकों और सहयोगियों का धन्यवाद किया गया। क्लब ने आश्वासन दिया कि आगे भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे जिससे समाज में सकारात्मकता और उत्साह का वातावरण बना रहे।

कुल मिलाकर, कड़कड़डूमा के सीबीडी ग्राउंड में आयोजित यह मेला केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि इसने समाज को जोड़ने और सामूहिक एकता का संदेश भी दिया। लोगों की भारी भागीदारी और उत्साह ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

--------------------------------------------

आने वाले साल फिर से मेले का धमाल होगा : गौरव जैन

'जैन युवा क्लब' की ओर से कड़कड़डूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड में आयोजित भव्य मेले की सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब समाज और सहयोगी एकजुट होकर किसी कार्य में लग जाते हैं, तो परिणाम हमेशा उत्कृष्ट होते हैं। इस आयोजन के संयोजक के रूप में मेरे लिए यह अवसर गर्व और प्रसन्नता से भरा हुआ है।

सबसे पहले मैं अपने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों का हृदय से धन्यवाद करना चाहता हूँ, जिन्होंने इस मेले को सफल बनाने में दिन-रात मेहनत की। यह केवल मेरा नहीं, बल्कि हम सभी का संयुक्त प्रयास था, जिसने इस आयोजन को यादगार बना दिया। मेले की योजना बनाना, विभिन्न कार्यक्रमों का चयन करना, स्टॉलों की व्यवस्था से लेकर सुरक्षा प्रबंधन तक झ्र हर छोटे-बड़े कार्य में आप सबकी लगन और जिम्मेदारी साफ दिखाई दी।

मेले में स्थानीय निवासियों की भारी भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि हमारे समाज में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता और महत्व दोनों हैं। बच्चों के लिए मनोरंजन, महिलाओं के लिए खरीदारी और खानपान, युवाओं के लिए सांस्कृतिक गतिविधियाँ और बुजुर्गों के लिए सामाजिक संवाद झ्र हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ विशेष शामिल किया गया। इस संतुलन ने मेले को और भी खास बना दिया।

हमारे क्लब का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं था, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करना भी था। मुझे गर्व है कि हम इस लक्ष्य को पाने में पूरी तरह सफल रहे। मेले के दौरान लोगों के चेहरों पर जो खुशी और संतोष था, वही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

मैं विशेष रूप से उन साथियों का आभार प्रकट करता हूँ जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाया। चाहे वह स्टॉल सजाना हो, मेहमानों का स्वागत करना हो, सुरक्षा की व्यवस्था हो या मंच संचालन - हर जगह हमारी टीम की प्रतिबद्धता झलक रही थी।

इस मेले ने न केवल हमें समाज से जोड़ा बल्कि हमारी टीम भावना को भी मजबूत किया। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में भी हम ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करेंगे और समाज को सकारात्मक ऊर्जा देने का कार्य करते रहेंगे।

शनिवार, 13 सितंबर 2025

पाकिस्तान के साथ खेल, कला और व्यापार जैसी गतिविधियों को जारी रखना शहीदों के बलिदान का अपमान है: बलविंदर सिंह

संवाददाता

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप क्रिकेट मैच ने एक बार फिर से पूरे देश का ध्यान खींचा है। बलविंदर सिंह, उपाध्यक्ष, दिल्ली प्रदेश, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) ने कहा कि जब सीमा पर हर रोज हमारे जवान शहादत दे रहे हों, जब आतंकवादी हमलों में निर्दोष भारतीय नागरिक अपनी जान गँवा रहे हों, तब पाकिस्तान के साथ खेल, कला और व्यापार जैसी सामान्य गतिविधियों को जारी रखना शहीदों के बलिदान का अपमान है।

बलविंदर सिंह ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच का आयोजन गलत संदेश देता है। खेल को हम भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक मानते हैं, लेकिन पाकिस्तान के साथ खेलना तब तक उचित नहीं है जब तक वह आतंकवाद को समर्थन देता रहेगा। यह केवल एक मैच नहीं है, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है।

भाजपा का रवैया हमेशा से ही विरोधाभासी रहा है। एक ओर भाजपा के नेता मंचों से कहते हैं “खून और पानी साथ नहीं बह सकते”। दूसरी ओर उन्हीं की सरकार पाकिस्तान के साथ व्यापार जारी रखती है।जनता के सामने वे कड़े तेवर दिखाते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे क्रिकेट मैचों और अन्य संबंधों को अनुमति देते हैं। यही भाजपा का असली चेहरा है—जनता के लिए भाषण, और सत्ता के लिए समझौता।

बलविंदर सिंह ने भाजपा से सवाल किए - 1. यदि पाकिस्तान वाकई दुश्मन देश है, तो उसके साथ क्रिकेट और व्यापारिक संबंध क्यों जारी हैं?
2. भाजपा सरकार के राज में ही बार-बार भारत-पाकिस्तान मैच क्यों आयोजित किए जाते हैं?
3. क्या "खून और पानी" जैसे बयान केवल चुनावी भीड़ को भड़काने और वोट बटोरने के लिए दिए जाते हैं?

बलविंदर सिंह का स्पष्ट मत है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता है, तब तक उससे किसी भी तरह का खेल या व्यापारिक रिश्ता बंद होना चाहिए।

यदि भाजपा वास्तव में राष्ट्रवाद की राजनीति करती है, तो उसे दोहरा रवैया छोड़कर देश के सामने ईमानदार नीति रखनी चाहिए।

शहीदों के परिवारों की भावनाओं से खिलवाड़ कर वोट की राजनीति करना सबसे बड़ा पाप है।

 भाजपा जनता को गुमराह करना बंद करे।
देश को झूठे राष्ट्रवाद की नहीं, बल्कि स्पष्ट, ठोस और सच्ची नीति की जरूरत है।
शहीदों के खून का सम्मान किया जाए, और जब तक पाकिस्तान अपनी नीतियां नहीं बदलता, तब तक उसके साथ हर तरह का संबंध—खेल और व्यापार सहित—तुरंत रोका जाए।

शुक्रवार, 5 सितंबर 2025

भागवत के शताब्दी संवाद से निकले संदेश

अवधेश कुमार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से राजधानी दिल्ली में 100 वर्ष की संघ -  यात्रा: नए क्षितिज पर तीन दिवसीय संवाद सत्र का आयोजन हो तो देश और विदेश में उस पर गंभीरता से चर्चा और विमर्श बिलकुल स्वाभाविक है। राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम के बवंडरों के बीच सार्थक और सकारात्मक संवाद को मीडिया में सर्वत्र स्थान मिलना बताता है कि धीरे-धीरे बौद्धिक और सक्रिय वर्ग के अंदर संघ के प्रति कायम मानसिकता में अनुकूल बदलाव आ रहा है। संघ के सरसंचालक डॉ मोहन भागवत ने शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के औपचारिक शुरुआत के पूर्व ही विज्ञान भवन में दो दिनों तक बातें रखीं तथा तीसरे दिन प्रश्नों के उत्तर दिए तो निश्चय ही इसका अपना व्यापक उद्देश्य हो रहा होगा। तीन दिनों का ऐसा कार्यक्रम ,जिसमें उठने वाले अधिकतर प्रश्नों के उत्तर आ गए हों उनके एक-एक बिंदु का विस्तार से विवरण देना संभव नहीं हो सकता। बिल्कुल सरल , सहज , सामान्य भाषा और शब्दावलियों में संघ किन स्थितियों में और क्यों उत्पन्न हुआ, प्रयोजन क्या है, अभी तक यात्रा के अनुभव कैसे आए, संगठन के नाते उसका चरित्र कैसा है तथा आगे समाज, देश और विश्व की दृष्टि से किन लक्ष्यों और योजनाओं पर सक्रिय है एवं रहेगा आदि विषयों को समझा देना सामान्य बात नहीं है। आलोचक और विरोधी कुछ भी कहे, किंतु क्या हमारे देश में कोई संगठन है, जो अपने चिंतन या विचारधारा, संपूर्ण समाज, देश और विश्व की कल्पना तथा उन दृष्टियों से किए जाने वाले कार्यों को राजधानी दिल्ली और आसपास के बौद्धिक वर्ग, एक्टिविस्टों, एनजीओ, पत्रकारों,  विदेशी राजनयिकों तथा समाज के इस हर क्षेत्र में सक्रिय प्रतिनिधियों को बुलाकर तीन दिनों तक संवाद कर सके?

आज के भारत और विश्व के परिप्रेक्ष्य में देखें तो इस संवाद का सबसे महत्वपूर्ण स्वरुप किसी के लिए भी एक शब्द विरोध या कटुता तथा निराशा भाव का लेश मात्रा भी उपस्थित नहीं होना। आरंभ में डॉ भागवत ने स्पष्ट किया कि संघ की उत्पत्ति का मूल तथा प्रयोजन एक ही है जो हम प्रतिदिन शाखा में प्रार्थना के बाद कहते हैं- भारत माता की जय।हमारा देश भारत विश्व गुरु बने पहले दिन भी यह हमारा ध्येय था और आगे भी रहेगा। विश्व गुरु का अर्थ किसी को सीख देना नहीं अपने व्यवहार से आदर्श उत्पन्न करना ताकि दूसरे हमसे सीखें। भारत इसलिए कि हर देश का अपना ध्येय होता है जिसे उसे प्राप्त करना पड़ता है। भारत का ध्येय संपूर्ण विश्व का कल्याण है। केवव भारतीयों ने ही अपने अंदर देखते - देखते संपूर्ण ब्रह्मांड से साक्षात्कार किया। तो स्वयं को ब्रह्मांड का अंग मानने वाला भारत कभी संकुचित स्वार्थ या दूसरों को कुचलने उन पर प्रभुत्व जमाने का चरित्र अपना ही नहीं सकता। इस देश ने दूसरों के कल्याण के लिए अपने स्वार्थ को तिलांजलि देने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। संघ के आविर्भाव के पीछे डॉ केशव बलिराम हेडगेवार की स्वतंत्रता आंदोलन की सक्रिय भूमिका थी। उन्होंने क्रांतिकारी धारा, उसके बाद कांग्रेस,समाज सुधार और धर्म सुधार आंदोलनों की अपनी भूमिकाओं से समझा कि जिन कारणों से भारत लंबे समय तक गुलामी झेलता रहा उनको दूर करना तथा फिर वैसी स्थिति उत्पन्न न होने देना ही एकमात्र रास्ता है। इसीलिए उन्होंने हिंदू समाज के संगठन के रूप में संघ के शुरुआत की घोषणा 1925 में की। इसके साथ सुनिश्चित किया कि  संघ केवल शाखा के माध्यम से उस रूप में मनुष्य का निर्माण करेगा, स्वयंसेवक बनाएगा। संघ इसके अलावा कुछ नहीं करेगा लेकिन स्वयंसेवक सब कुछ करेंगे।

बनी बनाई धारणाओं से बाहर निकाल कर देखें तो संघ का यही चरित्र आपको प्रत्यक्ष दिखाई पड़ेगा। जिन्हें संघ का अनुषांगिक क्षेत्र कहा जाता है वे सारे संगठन स्वयंसेवकों द्वारा आरंभ किए गए। वे संघ के स्वयंसेवक हैं, इसलिए उनके साथ प्रत्यक्ष जुड़ाव रहता है। लेकिन जैसा भागवत ने कहा हम नियंत्रित नहीं करते सभी स्वायत्त हैं। नए क्षितिज के व्याख्यान में भागवत ने पांच परिवर्तनों की बात की। पिछले 1 वर्ष से संघ की ओर से पांचो विषय अर्थात कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता ,पर्यावरण तथा नागरिक कर्तव्य बोध देश के सामने रखे जा रहे हैं। समाज संबंधहीनता की ओर बढ़ रहा है तथा परिवार परंपरा कमजोर होने, टूटने से ऐसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं जिनका कोई समाधान नहीं। इसलिए शताब्दी वर्ष में सबसे ज्यादा जोर इसी पर है। सामाजिक समरसता यानी समाज में कोई ऊंच-नीच नहीं, छुआछूत नहीं।

डॉ. भागवत ने कहा कि आज जाति की भूमिका है नहीं ,लेकिन हमारे अंदर यह है कि हम फलां जाति के वह फलां जाति के और इससे ऊंच- नीच का भाव पैदा होता है। तो श्मशान , पानी और देवस्थान सभी के लिए ये समान रूप से उपलब्ध हों, हमारे एक दूसरे के घर जाने- आने का संबंध विकसित हो। स्वदेशी-  जो कुछ देश में उपलब्ध है  पहले उसे लें उसके बाद विदेशी की ओर। विकास के वर्तमान ढांचे ने पूरे विश्व के समक्ष पर्यावरण का ऐसा संकट पैदा किया जिससे हमारा अस्तित्व  खतरे में है। रास्ता प्रकृति को केंद्र में रखकर जीवन प्रणाली अपनाना है। चाहा है वहां से एकाएक नहीं मुड़ सके थे लेकिन धीरे-धीरे टर्न होना पड़ेगा। प्रत्येक व्यक्ति के अंदर अपने देश व समाज के प्रति दायित्व पालन का चरित्र पैदा हो। संविधान, कानून और व्यक्तिगत सामाजिक गरिमा के स्पालन करने का सामूहिक चरित्र ही भारत को विश्व गुरु बनाएगा। स्वयंसेवक पूरे वर्ष लोगों के बीच यही बिंदु लेकर जाएंगे।

इनमें वे विषय भी आए जिन पर सबसे ज्यादा विवाद खड़े होते हैं। अर्थात हिंदू ही क्यों ? भागवत ने कहा कि आप हिंदवी कहिए भारतीय कहिए हमें आपत्ति नहीं है। हिंदू  का कंटेंट यानी विषय वस्तु हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हिंदू यानि व्यापक व उधर सोच तथा व्यवहार। हम अपने विचार ,संस्कृति पर गर्व करें लेकिन दूसरे का जो है उसे सम्मान दें, उनसे नफरत न करें। मुसलमानों और ईसाइयों से विरोध और नफरत क्यों? भागवत ने कहां कि रामकृष्ण परमहंस ने तीनों पद्धतियों से साधना कर बताया कि सब एक ही जगह पहुंचते हैं। यहीं पर उन्होंने कहा कि 40 हजार वर्षों से हमारा डीएनए एक है केवल कर्मकांड बदला है। भागवत ने कहा कि मुसलमानों के अंदर भय पैदा किया कि आप उनके साथ मिलकर रहोगे तो मजहभ खत्म हो जाएगा और हमारे अंदरभाव है कि इन्होंने लड़ाइयां लड़ीं, धर्म परिवर्तन किया, देश बांटा, इसलिए इनको शंका से देखो। इन दोनों  से बाहर निकल परस्पर संवाद और सहकार की आवश्यकता है। तो हिंदू, मुसलमान औल ईसाई आदि को लेकर यही है संघ की सोच। राष्ट्रभाषा? भारत की सभी भाषाएं राष्ट्रभाषा है। हां , व्यवहार के लिए कोई एक भाषा अखिल भारतीय होनी चाहिए। अंग्रेजी सीखने जानने में बुराई नहीं है क्योंकि उनमें भी हमारे लिए बहुत कुछ है किंतु अंग्रेजी या विदेशी भाषा हमारी राष्ट्रभाषा नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर हम अपनी भाषा में शुरू करें और इसे लेकर गर्व करें। भारत को समझने के लिए संस्कृत जानना चाहिए लेकिन हम इसे अनिवार्य नहीं कर सकते। सरकार और नीतियों के संदर्भ में इतना ही कि हमारी विशेषज्ञता शाखा लगाने, मनुष्य निर्माण करने की और उनकी विशेषज्ञता राजनीति करने ,सरकार चलाने की है। वह अपना काम करते हैं हम अपना काम। हमें कुछ समझ में आता है तो सुझाव देते हैं। संघ भाजपा को नहीं चलाता और चला भी नहीं सकता है। सबसे बढ़कर मोहन भागवत ने यह कहा कि हम किसी को भी अपना विरोधी और शत्रु मानकर व्यवहार नहीं करते, इसीलिए कल के अनेक विरोधी आ साथ हैं और कल और भी आएंगे। विरोध करने वाले भी अपने ही हैं यह मानकर स्वयंसेवक व्यवहार करते हैं और यही बना रहेगा। सबके बावजूद उनका आग्रह था कि आप धारणाओं के आधार पर या हमारे कहे अनुसार संघ को मत मानिए अंदर आकर इसे देखिए समझिए।

भागवत के पूरे संवाद को निष्पक्ष होकर देखें तो निष्कर्ष आएगा कि 100 वर्षों की उम्र सीमा में पहुंचने के बाद विचारधारा तथा स्वयंसेवकों द्वारा विविध क्षेत्रों में किए गए कार्यों के अनुभव ने संगठन के अंदर अतुलनीय आत्मविश्वास उत्पन्न किया है, समाज, देश और विश्व के व्यवहारिक यथार्थ की समझ विकसित होने के साथ उनके समाधान के रास्तों की भी गहरी अनुभूति हुई है। यही कारण है कि शताब्दी वर्ष पर उपलब्धियां और उत्सव मनाने की जगह भागवत ने संवाद के दूसरे दिन उन रास्तों पर कार्य करने की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। हालांकि वहां उपस्थित जनसमूह के अलावा सोशल मीडिया या  मुख्य मीडिया  के माध्यम से देखा, पढ़ा , जाना उनमें से हर कोई अपनी सोच के अनुसार कुछ बिंदु निकल सकता है। कुल मिलाकर कहा सकते हैं कि यह संवाद विरोधियों के अंदर संघ पर पुनर्विचार करने, समर्थकों के अंदर सोच को सही धरातल पर खड़ा करने एवं स्वयंसेवकों के भीतर दायित्व बोध के साथ अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने वाला माना जाएगा।

गुरुवार, 4 सितंबर 2025

परिवर्तन एवं महिला शक्ति संगठन व एनसीपी (एसपी) दिल्ली इकाई ने बाढ़ पीड़ितों को दी खाद्य सामग्री, जनता से की अपील आगे आकर पीड़ितों की मदद करें


संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली में आई बाढ़ से हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं। कई लोग अपने घरों से बेघर होकर राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। इस कठिन समय में परिवर्तन एवं महिला शक्ति संगठन (PEMSS) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) दिल्ली प्रदेश इकाई ने मिलकर राहत कार्यों की कमान संभाली है और लगातार बाढ़ पीड़ित परिवारों को भोजन व पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।


संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह, संस्था की चेयरमैन मीनाक्षी तथा फाउंडर मेंबर सुशील सैनी, राज कुमार, योगेश, उमेश, करन, परविंदर सिंह, मो. ईशा, अकरम, भारती, गुरप्रीत सिंह, अंकुर राणा, प्रतीक पूर्वाह, मदन, राहुल शर्मा, अरुण यादव, प्रदीप बौद्ध, कैलाश जी सहित सभी सक्रिय साथियों की टीम राहत कार्यों में लगातार जुटी हुई है।

राहत कार्य की मुख्य झलकियां- प्रभावित परिवारों के लिए भोजन वितरण केंद्र स्थापित किए गए, राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल की लगातार आपूर्ति सुनिश्चित की गई, संस्था के स्वयंसेवक घर-घर जाकर जरूरतमंदों तक मदद पहुँचा रहे हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) दिल्ली प्रदेश इकाई उपाध्यक्ष, बलविंदर सिंह ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा हमारी अपनी पीड़ा है। यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि मानवता निभाने का है। जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, हम अपनी पूरी टीम के साथ हर प्रभावित परिवार तक मदद पहुंचाते रहेंगे।

परिवर्तन एवं महिला शक्ति संगठन (PEMSS)  की चेयरमैन मीनाक्षी ने कहा कि संस्था की शुरुआत ही समाज सेवा के लिए हुई थी और आज जब हजारों लोग संकट में हैं, तो हमारा दायित्व और भी बढ़ जाता है। हमें गर्व है कि हमारे सभी सदस्य तन-मन-धन से इस राहत अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

संस्था के फाउंडर मेंबर सुशील सैनी ने कहा कि हमने इस संस्था को समाज की सेवा के उद्देश्य से बनाया था। आज जब लोग कठिन परिस्थिति से गुजर रहे हैं, तो यह हमारा फर्ज है कि हम हर जरूरतमंद तक पहुँचे। सभी सदस्यों का योगदान और जनता का सहयोग इस राहत अभियान को और मजबूत बना रहा है।

श्री गुरप्रीत सिंह ने कहा कि यह राहत अभियान सिर्फ भोजन और पानी पहुँचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य हर प्रभावित परिवार में भरोसा और हौसला जगाना भी है। जब तक हालात सामान्य नहीं होते, हमारी टीम दिन-रात मैदान में डटी रहेगी।

संस्था की जनता से अपील - परिवर्तन एवं महिला शक्ति संगठन (PEMSS) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) दिल्ली प्रदेश ने आम जनता, सामाजिक संगठनों और कॉर्पोरेट जगत से भी अपील की है कि वे राहत कार्य में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक परिवारों तक मदद पहुँचाई जा सके।



http://mohdriyaz9540.blogspot.com/

http://nilimapalm.blogspot.com/

musarrat-times.blogspot.com

http://naipeedhi-naisoch.blogspot.com/

http://azadsochfoundationtrust.blogspot.com/