शुक्रवार, 17 अप्रैल 2020

जमात को कानूनी शिकंजे में कसना जरुरी

अवधेश कुमार

इन पंक्तियों के लिखे जाने के समय एशिया के सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती मुंबई के धारावी में कोरोना वायरस के कई नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से कुछ मरीज ऐसे हैं, जो दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में आयोजित तबलीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौटे थे। हजारों झुग्गी झोपड़ियों की घनी बस्ती वाले धारावी क्षेत्र में कोरोना संक्रमित लोगों की कुल संख्या दो दर्जन से ज्यादा हो गई है। इनमें से सात की मौत हो चुकी है। इसमें नौ अप्रैल को 70 साल की एक महिला ने दम तोड़ दिया। उससे पहले एक अप्रैल को 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई थी। यह व्यक्ति तबलीगी जमात के कार्यक्रम से लौटे लोगों के संपर्क में आया था। जमात से लौटे महिलाओं के साथी पुरुष धारावी के शाहू नगर जामा मस्जिद में रुके थे। महिलाएं बलिगा नगर में जिस फ्लैट में रुकी थीं, मृतक व्यक्ति उसी का मालिक था। ऐसी जानकारी है कि जमात से लौटे इन सभी लोगों के साथ 24 मार्च को केरल के कोझिकोड निकलने से पहले मृतक ने समय गुजारा था। वस्तुतः जमात में शामिल होकर 22 मार्च को मुंबई लौटी पांच महिलाएं मृतक के ही एक अन्य फ्लैट में रुकी थीं। एक अप्रैल को पहली मौत के बाद ही बीएमसी ने उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी थी। चूंकि मृतक के परिवार की तरफ से इस मामले में पूरा सहयोग नहीं मिला, इसलिए पुलिस उसके कॉल रेकॉर्ड्स  के आधार पर पता कर रही है कि वह किसके-किसके संपर्क में आया था। इस बीच, धारावी में काम करने वाले एक सफाईकर्मी और एक डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव होने का मामला सामने आया है। 

धारावी से शुरुआत करने का उद्देश्य यह बताना था कि किस तरह तबलीगी जमात ने पूरे देश की जान को भयावह जोखिम में डाल दिया है। दिल्ली से केरल और महाराष्ट्र तक के सूत्र को जोड़िए तो तस्वीर साफ हो जाएगी। अगर धारावी के जमातियों का संपर्क इतना व्यापक था तो अन्यों का भी ऐसा ही होगा और उन्होंने भी अपने साथ कोरोना की आग को उन सारे जगहों पर फैलाने में भूमिका निभाई जहां-जहां से ये गुजरे और ठहरे। इसके दूसरे पहलू को देखिए। धारावी में लाखों की संख्या में लोग रहते हैं। गलियां काफी संकरी हैं। आते-जाते वक्त भी आपका शरीर एक दूसरे को छूता रहता है। इसमें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन संभव ही नहीं। जिस क्षेत्र को सील किया गया है या जो लोग क्वारंटीन किए गए हैं, वे भी नियमों का पालन नहीं कर पा रहे हैं। अगर धारावी में कोरोना फैल गया तो क्या स्थिति होगी इसकी कल्पना मात्र से ही रांेगटे खड़े हो जाते हैं। अगर जमाती न होते तो यहां संक्रमण होता ही नहीं। वास्तव में महाराष्ट्र आज अगर संक्रमण एवं मौत के मामले में सभी राज्यों में सबसे उपर है तो इसका मुख्य कारण जमातियों का गैर जिम्मेवार आपराधिक व्यवहार ही है। 

यह केवल महाराष्ट्र की बात नहीं है। 10 अप्रैल को असम के सिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जो पहली मौत हुई वह निजामुद्दीन के तबलीगी जमात कार्यक्रम शामिल हुआ था। भारत में कोराना वायरस के बढ़ते मरीजों की केस हिस्ट्री पर नजर डालने से ये दो तथ्य बिल्कुल साफ होते हैं-या तो वह जमाती है, उसके संपर्क में आया है या फिर वह सउदी अरब या वहां मक्का या कुछ खाड़ी देश से लौटा है। बिहार में सीवान कोरोना का सबसे बड़ा केन्द्र बना है तो इसका कारण यही है। वहां ओमान से लौटे एक युवक के गैर जिम्मेवार आचरण ने कोहराम मचा दिया। वहां संक्रमितों की संख्या बढ़ने से बिहार की मीडिया उसे सीवान की जगह प्रदेश का वुहान कहने लगा है। देश भर में कुल संक्रमितों की संख्या के अनुसार विचार करें तो 35 प्रतिशत सीधे तबलीगी जमात के हैं। शेष में ज्यादातर इनके संपर्क में आए या फिर जिस दूसरी श्रेणी की हमने बात की वे हैं। तमिलनाडु के कुल मरीजों में 90 प्रतिशत से ज्यादा सीधे जमात से जुड़े हैं तो राजधानी दिल्ली के करीब 65 प्रतिशत। सच यह है कि अगर तबलीगी जमात के लोगों ने अपना, परिवार एवं देश के लोगोें के जीवन का ध्यान रखते हुए जिम्मेवार रवैया अपनाया होता तो भारत इस समय कोरोना पर लॉकडाउन एवं सोशल डिस्टेंसिंग द्वारा काबू करने वाले देशों की श्रेणी में होता। मजहबी कट्टरता, जाहिलपन में जमाती तथा दूसरी श्रेणी के लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। इस कारण स्वयं एवं पूरे देश को संकट में डाल दिया है। 

किंतु दुर्भाग्य देखिए कि इस सच को सामने रखने को मुसलमान विरोधी या उनको बदनाम करने की साजिश बताया जा रहा है। सबसे चिंता का विषय है कि अभी तक मुसलमानों के बड़े संस्थानों एवं नामी मजहबी नेताओं में से किसी ने जमात के रवैये की आलोचना नहीं की है। इसके उलट सब उनके बचाव में लगे हैं। कुछ लोग उच्चतम न्यायालय तक चले गए इस अपील के साथ कि तबलीगी जमात को बदनाम करने का अभियान बंद कर दिया जाए। कौन बदनाम कर रहा है?  पूरे देश में लगातार जमातियों से अपील की जाती रही कि आप बाहर आइए ताकि आपके लक्षणों के अनुसार कोरंटाइन करने या संक्रमित होने पर उपचार किया जाए। ज्यादातर को तलाश कर जबरन निकालना पड़ा है। कई जगह कुछ लोग तब सामने आए जब यह घोषित कर दिया गया कि नहीं आने पर मुकदमा किया जाएगा। उसके बाद कुछ निकलकर सामने आए। दूसरे, उनकी जान बचाने के लिए तलाशने पहुंचे स्वास्थ्यकर्मियों एवं पुलिस को इनकी हिंसा का शिकार होना पड़ा है। किसी तरह लाया गया तो कोरंटाइन सेंटरों एवं अस्पतालों में वे अनुशासन मानने को तैयार नहीं। उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करने पड़े हैं। इसके बावजूद काफी लोग निकलकर नहीं आए हैं। केवल महाराष्ट्र में 162 जमातियों पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। यह बात सामान्य सोच में नहीं आ सकती कि किसी को यह पता चल गया हो कि कोरोना से उसकी जान खतरे है, जहां वह है वहां लोगांे को खतरे में डाल रहा है लेकिन अपील पर अपना चेक कराने या इलाज कराने सामने नहीं आए, जब उसे पकड़ा जाए तो वह हिंसा करे और अस्पताल में भर्ती कराने पर डॉक्टर से लेकर अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का जीना मुहाल कर दे। इससे पता चलता है कि इनको मानसिक रुप से कितना खतरनाक बना दिया गया है। इस तरह कोरोना संकट के तो ये कारण बने ही हैं, भविष्य में देश के लिए खतरे का साफ संकेत दे रहे हैं। इस तरह की मानसिकता वाले अपने साथ समाज के दुश्मन हैं। इनका खुलेआम समर्थन भी कट्टर मानसिकता और व्यवहार का ही पर्याय है। 

मानसिक रुप से कट्टर बनाए जा चुके ऐसे लोग अपने आका के अलावा किसी की बात आसानी से नहीं मानते। वे स्वयं भी मरेंगे और दूसरों को भी मारेंगे। आतंकवादी आत्मघाती दस्ता किस मानसिकता में बनते हैं? इतना भयानक अपराध करके देश को संकट में डालने के बाद यदि कुछ अपनी जान बचाने के लिए अच्छा व्यवहार करने भी लगे तो इससे इनके मूल चरित्र को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। काफी संख्या में अभी भी ये छिपे हैंं और बाहर नहीं आ रहे। किंतु इसमें आश्चर्य जैसा कुछ नहीं है। जिस संगठन का प्रमुख ही छिप जाए उसके सदस्यांें का आचरण इसके उलट नहीं हो सकता। मौलाना साद को पुलिस ने नोटिस भेजा। उनसे26 सवाल पूछे गए। उन्होंने इनका जवाब देने की बजाय अपने को कोरंटाइन में होने का एक संदेश जारी कर दिया। कोरंटाइन में होने से पुलिस और स्वास्थ्यकर्मी के सामने आने में क्या बाधा हो सकती है? यह केवल मानसिकता का प्रश्न है। एक मानसिकता तो यह रही है कि कानून और सरकारों की एडवायजरी हमारे ठेंगे पर। भले मृत्यु हो जाए लेकिन पुलिस-प्रशासन की बात मानकर समर्पण करने की सोच ही नहीं है। इसका निष्कर्ष तो यही निकलता है कि जैसे ये मान चुके हैं कि अल्लाह के अलावा उन पर किसी का कानून और एडवायजरी लागू नहीं होता। मौलाना साद ने भले अपनी तकरीरों में सीधे यह पंक्ति नहीं बोला लेकिन उनके कहने का सीधा अर्थ यही था। इसके आधार पर पैदा हुई लाखों जमातियों की मानसिकता कोरोना संकट के भयावह प्रसार का कारण बन रहा है। 

इस समय कोरोना है तो इसमें इनका दोष दिख रहा है लेकिन इनकी खतरनाक मानसिकता एवं व्यवहार का मामला काफी विस्तृत है। इस संगठन की गहराई से जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि इस वृक्ष से निकलते विष को रोका जा सके। ऐसा नहीं करने का परिणाम देश को भुगतना पड़ेगा। सबसे बढ़कर मानसिकता के उपचार को लेकर गंभीरता से विचार करने की जरुरत है। मुस्लिम समाज के जो लोग या संगठन इसमें साथ देने को तैयार नहीं, या सरेआम जमात के बचाव में लगे हैं ....उनको भी चिन्हित कर कानून की सीमाओं में लाया जाए। 

अवधेश कुमार, ईः30, गणेश नगर, पांडव नगर कॉम्प्लेक्स, दिल्लीः110092, मोबाइलः9811027208



शनिवार, 4 अप्रैल 2020

तबलीगी जमात का कृत्य कोरोना से संघर्ष के सारे कदमों पर पानी फेरने वाला

 

अवधेश कुमार

तबलीगी जमात के प्रति सहानुभूति दिखाने वाले सबसे पहले कुछ खबरों पर नजर डाल लें। राजधानी दिल्ली में कई जगहों पर तबलीगी जमात के कोरोना के संदिग्ध मरीजों द्वारा अस्पताल में स्वास्स्थ्यकर्मी के साथ बदतमीजी का मामला सामने आने के बाद अस्पतालों और क्वारंटाइन सेंटरों पर पुलिस बल तैनात करने करना पड़ा है। दिल्ली सरकार और अस्पतालों के अधिकारी शिकायतें कर रहे हैं कि ये लोग क्वारैंटाइन सेंटरों, असपतालों में मेडिकल स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, गालियां दे रहे हैं, उनके ऊपर थूक फेंक रहे हैं। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में रेलवे के पृथक केंद्रों में रखे गए, तबलीगी जमात के कार्यक्रम से जुड़े करीब 160 लोगों ने उनकी जांच कर रहे डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उनपर थूका। निजामुद्दीन मरकज में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों में से 167 को तुगलकाबाद में रेलवे के पृथक केंद्रों में लाया गया था। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता दीपक कुमार ने कहा कि पृथक केंद्रों में उन्होंने स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया और खुद को दिए जा रहे भोजन को लेकर आपत्ति जताई...यहां तक कि उन्होंने उन्हें देख रहे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर थूक तक दिया। तबलीगी जमात में शामिल एक सदस्य ने बुधवार राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल की छठी मंजिल पर स्थित आइसोलेशन वार्ड के कमरे में भर्ती इस कोरोना संदिग्ध ने दस मिनट तक कूदने का नाटक किया। गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर तो तबलीगी जमातियों के खिलाफ अश्लील हरकत करने, स्वास्थ्यकर्मियों को धमकियां देने, हंगामा करने आदि के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करानी पड़ी है। 

ये कुछ उदाहरण पर्याप्त हैं यह साबित करने के लिए स्वयं को धर्म प्रचार समूह बताने वाले तबलीगी जमात के लोगों का चरित्र और आचरण कैसा है। बहरहाल, आज का सच यही है कि निजामुद्दीन मरकज में आयोजित तबलीगी जमात सम्मेलन में भाग लेने वाले भारत में कोरोना कोविड 19 का सक्रमण के सबसे बड़े समूह बन गए हैं। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक 2300 पॉजिटिव मामलों में से 645 से ज्यादा निजामुद्दीन मरकज से जुड़े हुए हैं। देश भर में तबलीगी जमात के जो 9000 लोगों की पहचान की गई है, उनमें से 1300 लोग विदेशी हैं। इन्हें कोरंटाइन में रखा गया है। इस तरह भारत के कुल मरीजों में 27 प्रतिशत से ज्यादा तथा मृतकों में करीब 33 प्रतिशत अभी तक तबलीगी जमात के लोग ही हैं। राजधानी में तो कुल 350 संक्रमितों में से 290 निजामुद्दीन मरकज से ही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने साफ कहा है कि मरकज के कारण कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। जिन 22 राज्यों से आए लोगों का पता चला है वो सब खतरे के दायरे में आ गए हैं। ये कोरोना के चलते-फिरते टाइम टिक-टिक करते टाइम बम हैं। आशंका यह बढ़ रही है केन्द्र तथा राज्य सरकारों ने अपने परिश्रम तथा प्रबंधन से एवं आम भारतीयों ने अपने संयम, संतुलन से इच्छाओं का दमन कर, घरों में बंद रहकर दुनिया के प्रमुख देशों की तुलना में कोरोना के प्रसार को काबू में रखने में जो सफलताएं पाईं हैं वो इनकी करस्तानियों से नष्ट हो सकता है। 

ये कैसे रंग बदलते हैं इसका उदाहरण देखिए। तब्लीगी जमात के प्रमुख मौलाना साद ने 2 अप्रैल को अपने समर्थकों के लिए एक मिनट 15 सेकंड का ऑडियो जारी किया है जिसमें वो अपने बारे में दावा कर रहे हैं कि मैं दिल्ली में ही सेल्फ क्वारैंटाइन में हूं। वो जमात के सदस्यों से अपने घरों में रहने, सरकार के निर्देशों का पालन करने और कहीं पर एकसाथ एकत्रित ना होने की अपील कर रहे हैं। क्या मासूमियत है! इन्हीं मौलाना साद का ऑडियो-वीडियो यू ट्यूब पर था जिसे हटा दिया गया। कोरोना संकट आरंभ होने से लेकर लौकडाउन तक वे लगातार अपनी तकरीरे देते रहे। उसमें वे कोरोना को खड़ा किया गया झूठा हौव्वा, जानबूझकर मुसलमानों के खिलाफ साजिश करार देते हैं। वे कहते हैं कि इसे मुसलमानों को मुसलमानों से अलग करने के लिए लाया गया है ताकि वो एक दूसरे से मिलें-जुलें नहीं। मस्जिद में रहो, यदि तुम्हारी मौत हो जाती है तो इससे अच्छी मौत हो ही नहीं सकती है। ..ऐेेसी उनकी कई तकरीरें हैं। इन्हें हजारों लोगों ने सुना। कोरोना को लेकर उनकी क्या मानसिकता होगी इसका अंदाजा आप लगा सकते हैं। जिस तरह से मरकज के लोगों की तलाश में या विदेश से आए लोगों को पता चलने पर उनको बचाने गई डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पर जगह-जगह हमले हुए वे इस बात के प्रमाण हैं कि इनके दिमाग में मजहबी कट्टरता या इस्लाम के नाम पर कितना जहर भर दिया गया है। दिल्ली के निजामुद्दीन स्थिति मरकज से लोगों को निकालने में पुलिस-प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। 36 घंटे तक चलाए गए ऑपरेशन के बाद एक अप्रैल सुबह 4 बजे मरकज खाली कराया गया था। मरकज से 2,361 लोग निकाले गए।  

मरकज में आने वाले लोगों का संबंध जिन 22 राज्यों से जुड़ रहा है उनमें तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, उत्तरप्रदेश, तेलंगाना, पुडुचेरी, कर्नाटक, अंडमान निकोबार, आंध्रप्रदेश, श्रीनगर, दिल्ली, ओडिशा, प.बंगाल, हिमाचल, राजस्थान, गुजरात, मेघालय, मणिपुर, बिहार, केरल और छत्तीसगढ़ शामिल है। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को इन्हें ढूंढकर तुरंत कोरंटाइन करने जांच करने तथा विदेशियों को देश से बाहर निकालने का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय ने 960 विदेशी नागरिकों को ब्लैकलिस्ट में डालते हुए जमात से संबंधित गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर उनका पर्यटन वीजा रद्द करन का फैसला किया है। सरकार ने विदेशियों की वीजा को देखा तो पता चला कि इनमें से अधिकतर पर्टयन वीजा पर भारत आए हैं। इसमें सरकार का कहना है कि ये किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते। पर्यटन वीजा पर आकर मजहब का प्रचार करने, मजहबी जलसों में तकरीरें करने की तो शायद ही किसी देश में अनुमति हो। 

तबलीगी जमात के इस अपराधिक कृत्य के बावजूद प्रमुख मुस्लिम संगठनों और नेताओं द्वारा इनकी मुखर आलोचना न करना इसका ऐसा पहलू है जो हैरान करता है। उल्टे जो नेता और संगठन तबलीगी जमात से असहमति रखते थे, वे  भी समर्थन में आ गए हैं। ये क्यों नहीं समझ पा रहे हैं कि जमात के लोगों ने अपने प्रति, मुस्लिम समुदाय के प्रति तथा देश के प्रति भयानक अपराध किया है। यह मुस्लिम समाज के ही खिलाफ है। जमात के 20 लोग मर चुके हैं। इतनी सख्ंया में संक्रमितों तथा मृतकों का अपराधी कौन माना जाएगा? जब मार्च के आरंभ से ही एडवायजरी जारी की जा रही थी कि बड़ी संख्या में न जुटें,  मेलजोल से अलग रहें, बहुत आवश्यक न हो तो यात्रा न करंें, तो इसका पालन जमात को क्यों नहीं करना चाहिए था? दूसरे, 12 मार्च को दिल्ली सरकार ने 200 से ज्यादा लोगों के एकत्रित होने को प्रतिबंधित कर दिया था। इसके बावजूद उनका सम्मेलन आयोजित हुआ, क्योंकि जमात के अमीर मौलाना साद एवं उनके समर्थकों के लिए इन एडवाजरियों तथा दिल्ली सरकार का आदेश इस्लाम के प्रतिकूल था। यह कट्टर मानसिकता ही समस्या है। 

अगर इनने अनजाने में किया होता तो इन्हें क्षमा भी किया जा सकता था। लेकिन इन्होंने सब कुछ जानते हुए घोषित करके दिशा-निर्देशों, आदेशों और एडवायजरी का उल्लंघन किया। जमात का यह कैसा इस्लाम है? दूसरे धर्मों के सारे केन्द्र आम लोगों के लिए बंद किए जा चुके थे। तबलीगी जमात के लोगों का इससे कोई लेना-देना ही नहीं था। अगर यह संगठन मजहब का प्रचार करता है तो फिर ऐसा कृत्य कैसे कर सकता है जिससे इनके लोगों की जान तो जाए ही दूसरे भी चपेट में आकर जीवन गंवा दें? यह ऐसा प्रश्न है जिसका जवाब देश को तो तलाशना ही है, स्वयं मुस्लिम समुदाय को इसकी ज्यादा जरुरत है। निजामुद्दीन मरकज जलसे से निकलने के बाद लोग जिन क्षेत्रों से और जिन साधनों से गुजरे और उस बीच उनके साथ जितने लोग संपर्क में आए उन सबका पता करना मुश्किल है। समस्या यह भी है कि इनमें से अनेक यह स्वीकारते ही नहीं कि वो निजामुद्दीन मरकज के कार्यक्रम में गए थे, जबकि उनका नाम सूची में है। इस कारण पुलिस को इनके साथ सख्ती बरतनी पड़ रही है। एक मजहबी संगठन के लोग इस तरह झूठ बोलें तो उससे ही पता चल जाता है कि इसमें कैसी मानसिकता पैदा की जाती है। सवाल यह भी है कि आखिर ये लगातार अपील के बाद स्वयं सामने क्यों नहीं आए हैं? पुलिस को क्यों जगह-जगह इनको ढूंढकर लाना पड़ रहा है? क्या ये चाहते हैं उनके कारण कोरोना का प्रकोप बढ़े? यह कितना बड़ा अपराध है इस पर जरा विचार करिए। ये जगह-जगह और डॉक्टरों पर थूकते क्यों हैं, जबकि इन्हें मालूम है कि थूकने से संक्रमण फैलता है? तो क्या ये जानबूझकर संक्रमण फैलाना चाहते हैं? यह ऐसा प्रश्न है जिसका उत्तर इनके व्यवहार को देखते हुए न में देना जरा कठिन है। 

अवधेश कुमार, ईः30, गणेश नगर, पांडव नगर कॉम्प्लेक्स, दिल्लीः110092, मोबाइलः9811027208 





शुक्रवार, 27 मार्च 2020

भयावह स्थिति में लौकडाउन के अलावा चारा क्या है

 

अवधेश कुमार

दुनिया की स्थिति निस्संदेह भयावह है। 190 देश कोरोनावायरस की चपेट में आ चुके हैं। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक 25 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है तथा संक्रमित लोगों की संख्या पांच लाख को पार चुकी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 21 दिनों को लौक डाउन की घोषणा देश को इस महामारी से बचाने एवं सुरक्षित रखने का एकमात्र श्रेष्ठ विकल्प है।स्थिति ज्यादा डरावना इसलिए है क्योंकि संक्रमितों और मृतकों की संख्या उन देशों में ज्यादा है जो विकसित व शक्तिसंपन्न हैं और जिनकी स्वास्थ्य सेवाएं सर्वोत्तम मानी जाती हैं। अमेरिका जैसी विश्व की महाशक्ति के यहां मरने वालों का आंकड़ा 1200 को पार कर चुका है। वहां इस समय 85 हजार से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हैं। इटली के लिए यह सबसे बड़ी मानवीय त्रासदी साबित हो रही हैं। वहां आठ हजार के आसपास लोग मारे जा चुके हैं और 80 हजार के आसपास संक्रमित हैं। पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। अस्पतालों में जगह नहीं है और मैदानों में कैम्प लगाए गए हैं। डॉक्टर बीमारों में जवानों का इलाज कर रहे हैं तो बुजूर्ग अपने हाल पर छोड़े जा रहे हैं। इटली के प्रधानमंत्री ने पूरी तरह हथियार डाल दिया है। उन्हांेने कहा है कि स्थिति पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है। हमारी सारी शक्ति खर्च हो चुकी है। स्पेन में कोरोना ने करीब 4000 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। ब्रिटेन में 400 तो फ्रांस में 1200 से ज्यादा लोग संक्रमण के बाद जान गंवा चुके हैं। स्पेन में स्वास्थ्यकर्मी ही संक्रमित हो रहे हैं और उनको आइसोलेशन में रखने के कारण समस्याएं आ रहीं हैं। मैड्रिड के कई अस्पतालों में संक्रमण फैल चुका है। इन्हें हर घंटे सैनिटाइज किया जा रहा है। 

वस्तुतः चीन के बाद यूरोप और अमेरिका इसका सबसे बड़ा शिकार हो चुका है। इसके बावजूद कि इन देशों ने अपने सारे संसाघन बचाव व चिकित्सा में झांेक दिए हैं। अमेरिका में स्वास्थ्य आपातकाल लागू है। अमेरिका के कम से कम 16 राज्यों ने अपने नागरिकों को घर में रहने का आदेश जारी किया है। फ्रांस सहित अनेक देशों में सेना उतारनी पड़ी है। सच कहा जाए दुनिया के सभी प्रमुख देशों में लॉक डाउन की स्थिति है। यह स्वयं सोचने की बात है कि जब इन साधनसंपन्न देशों की ऐसी दशा है तो अगर यह महामारी विकासशील और गरीब देशों को अपनी चपेट में ले लिया तो फिर क्या होगा? यही प्रश्न हमें अपने आपसे पूछना है। सच यह है कि कोरोना की चपेट से अब कम ही देश बचे हैं। पहले अफ्रिका से खबर नहीं आ रही थी लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अब वहां से कोरोना संक्रमण की पुष्टि शुरु कर दी है। भारत में 11 मार्च तक केवल 71 मामले थे। अब वह 700 को पार गया है। इसका अर्थ हुआ कि संख्या तेजी से बढ़ रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस गेब्रियिसोस ने 23 मार्च को कहा कि कोरोनावायरस महामारी तेजी से बढ़ रहा है। पहले मामले से एक लाख तक पहुंचने में 67 दिन का समय लगा लेकिन दो लाख पहुंचने में 11 दिन और दो से तीन लाख पहुंचने में चार दिन का समय लगा। केवल दो दिनों में चार लाख और एक दिन में पांच लाख। तो यह है स्थिति। 

तो इसे यहीं रोकना जरुरी है। जैसा हम जानते हैं कोई दवा इसे नहीं रोक सकती। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल का यह वक्तव्य वायरल हो रहा है कि हमारा अपना व्यवहार संक्रमण को फैलने से रोकने व धीमा करने का सबसे प्रभावी तरीका है। चांसलर मर्केल खुद ही आइसोलेशन में हैं। इसका एकमात्र रास्ता है अपने को बिल्कुल कैद कर देना। कोरोना महामारी को उस हमले की तरह देखना होगा जहां चारों ओर से बमबारी हो रही है, गोलियां बरस रहीं हैं और नीचे बारुदी सुरंग बिछा है। जैसे ही आप निकले कि आप उसकी जद में आ गए। सामान्य युद्ध में तो आप अकेले मरते हैं। कोरोना महामारी के युद्ध में यदि आपको वारयस का बम लगा, गोली लगी तो आपको तत्काल पता भी नहीं चलेगा और आप घर लौटकर अपने परिवार, मित्र, रिश्तेदार और न जाने कितनों की जिन्दगी ले लंेगे। यूरोप के बारे में जितनी जानकारी आई है उसका निष्कर्ष यही है कि समय पर कदम न उठाने यानी लोगों की आवाजही पर रोक न लगाने, एक साथ इकट्ठा होने पर बंदिश न लगाने आदि के कारण ही कोरोना महामारी ने इतना भयावह रुप लिया है। 

अमेरिका की सर्जन जर्नल डॉक्टर जेरोम एडम्स ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनके यहां मरने वालों में से 53 प्रतिशत की उम्र 18 से 49 साल के बीच थी। यह उस धारणा से अलग है कि ज्यादातर बुजूर्ग ही इस महामारी से अपनी जान गंवा रहे हैं। तो यह सोचना ठीक नहीं कि हम अगर जवान हैं तो हमारी मौत इससे नहीं हो सकती। पटना में कतर से आए एक 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया है कि देश में 8 हजार से ज्यादा लोगों को सरकार के क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया है और 2 लाख के आसपास लोग कॉम्युनिटी सर्विलांस पर हैं। यह समय ऐसा है कि क्वारैंटाइन में रह रहे सभी लोगों की मदद की जाए। ये सारे लोग कोरोना संक्रमित नहीं हैं, लेकिन संदिग्ध तो हैं। यह संख्या सामान्य नहीं है। विदेश से आए भारी संख्या में लोगों ने वायदे के अनुसार अपने को आइसोलेशन में नहीं रखा। तो उनकी पहचान कर जबरन आइसोलेशन में रखने के कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली में 1 मार्च से विदेश से आने वाले 35 हजार लोगों की पहचान हुई है और सारे जिला मजिस्ट्रेट को उन्हें आइसोलेशन में रखने का आदेश दिया गया है। यह कितना कठिन है इसका अनुमान आप स्वयं लगा सकते हैं। इसमें लॉक डाउन या कफ्ॅयू को जनता और देश के हित में ही कहा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने पहले संबोधन में लोगों से घरों में रहने की अपील की थी और उसका असर भी हुआ। बहुमत घरों में या जहां हैं वहीं अपने को कैद रखे हुए था। किंतु एक बड़ी संख्या बाहर निकल रही थी। वे समझ नही रहे थे कि वायरस के चेन को तोड़ना है तो सड़कों, बाजारों सबको कुछ दिनों तक के लिए खाली रखना पड़ेगा। भारत में अभी तक वही लोग संक्रमित हुए हैं जो या तो विदेशों से आए या विदेशों से आए लोगों के संपर्क में थे। चेन को तोड़ने के लिए ही पहले सारे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को प्रतिबंधित किया गया, फिर घरेलू उड़ानें को, यात्री रेलें बंद की गईं तो ज्यादातर राज्यों ने पहले अंतरराज्यीय बसांे ंको और फिर राज्यों के अंदर सामन्य बस संचालन को रोक दिया है। मेट्रों बंद किया गया। और अब पूर्ण बंदी।

यह संक्रमण पैदा होने और उसके विस्तार को रोकने के लिए अपरिहार्य हैं। इसके बाद बारी लोगांेे की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने लोगों को समझाते हुए कहा कि मान लो हमारे यहां 25-30 हजार कोरोना संक्रमित हो गए तो हम कुछ नहीं कर सकते। तब लॉक डाउन करने का कोई फायदा भी नहीं होगा। सारे अस्पताल मिलकर भी इलाज नहीं कर सकते। यह पूरे भारत वर्ष पर लागू होता है। अगर राजधानी दिल्ली इसे संभालने की स्थिति में नहीं होगी तो कौन शहर और राज्य इसमें सक्षम हो सकेगा? कोई नहीं। यूरोप में इतनी बुरी इसीलिए हुई, क्योंकि जनवरी में मामला सामने आने के बावजूद वहां लोगों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने से लेकर बचाव के अन्य कदम नहीं उठाए गए। वहां तो हवाई अड्डों पर अनिवार्य स्क्रीनिंग तक की व्यवस्था नहीं हुई। भारत ने जनवरी से ही स्क्रीनिंग शुरु की और जांच भी। वास्तव में ऐसे पूर्वोपाय के कारण ही हमारे देश में स्थिति नियंत्रण में है। जिस चीन की बात हो रही है वहां हुबेई प्रांत के साथ 20 राज्यों में ऐसा लॉक डाउन किया गया जो हमारे यहां के कर्फ्यू से ज्यादा सख्त था। वायरस के केन्द्र वुहान शहर और उसके आसपास के इलाकों में आवश्यक सेवा ही नहीं, मेडिकल स्टोर तक बंद कर दिए गए। जिसे लेकर आशंका हुई उसे सेना जबरदस्ती उठा लेती। इसमें अनेक त्रासदियां हुंईं। अनेक होटल और घर ध्वस्त कर दिए गए। वहां कोई धरना-प्रदर्शन हो नही सकता। हमारे यहां स्थिति जितनी बिगड़ जाए तो वैसा कर ही नहीं सकते। निस्संदेह, लोगों को परेशानियां हो रहीं हैं, लेकिन अगर स्वयं को, परिवार को, देश को बचाना है तो फिर इसे सहन करने का ही विकल्प है। 

अवधेश कुमार, ईः30, गणेश नगर, पांडव नगर कॉम्पलेक्स, दिल्लीः110092, मोबाइलः9811027208

http://mohdriyaz9540.blogspot.com/

http://nilimapalm.blogspot.com/

musarrat-times.blogspot.com

http://naipeedhi-naisoch.blogspot.com/

http://azadsochfoundationtrust.blogspot.com/